Dal Palak Tadka Recipe in hindi | बचपन से हमें बताया गया है कि हरे पत्तेदार सब्जियों में आयरन होता है और सर्दियों में हमें हरे पत्तेदार सब्जियां जरूर खानी चाहिए. ऐसी ही एक सब्जी है, दाल पालक तड़का. ये खाने में तो स्वादिष्ट है ही, साथ ही ये काफी पौष्टिक भी है. तो आज हम आपको दाल पालक तड़का बनाने की आसान रेसिपी बताएंगे. इस रेसिपी की मदद से आप घर पर ही जायकेदार दाल पालक तड़का बना पाएंगे.
वैसे तो आप घर पर आमतौर पर दाल या पालक बनाते ही हैं, लेकिन हम आपको ऐसी रेसिपी बताने जा रहे हैं, जो आपकी साधारण सी दाल-पालक को स्पेशल जायकेदार दाल-पालक तड़का बना देगी. तो चलिए शुरू करते हैं.
दाल पालक तड़का बनाने की सामग्री
- अरहर दाल – आधा कप
- मसूर दाल – चौथाई कप
- मूंग दाल – चौथाई कप
- चना दाल – चौथाई कप
- पानी – चार कप
- हल्दी पाउडर – आधा चम्मच
- प्याज – आधा – मीडियम साइज का
- लहसुन – पांच कलियां
- हरी मिर्च – एक
- अदरक – एक चम्मच- बारीक कटी हुई
- देसी घी – दो चम्मच
- सूखी लाल मिर्च – दो
- हींग – आधा चम्मच
- जीरा – एक चम्मच
- लहसुन – एक चम्मच- बारीक कटा हुआ
- प्याज – एक – बड़े साइज का (बारीक कटा हुआ)
- हल्दी पाउडर – आधा चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर – एक चम्मच
- सांभर मसाला – एक चम्मच
- टमाटर – दो – बारीक कटे हुए
- नमक – स्वादानुसार
दाल पालक तड़का बनाने की तैयारी
हम आपको जो दाल पालक तड़का बनाने की विधि बताने जा रहे हैं. उसमें हम चार तरह की दालें इस्तेमाल करेंगे.
- दालों को कम से कम एक घंटे तक भिगोकर रखें. अगर दालें रात भर की भीगी हुई हों तो और भी बेहतर रहेगा.
- एक बड़े साइज के प्याज को बारीक काट लें.
- दो बड़े साइज के टमाटर बारीक करके काट लें.
- हरी मिर्च, लहसुन और प्याज को भी बारीक काट लें.
- पालक के पत्तों को साफ करके अच्छी तरह धो लें.
- डंठलों को अलग करके पालक के पत्तों को काट लें.
दाल पालक तड़का बनाने का तरीका (Dal Palak Tadka Recipe in hindi)
- चारों दालों को अच्छी तरह से धो लें, जिससे उसका स्टार्च निकल जाए.
- दालों को कुकर में डालकर, चार कप पानी डाल दें.
- कुकर में आधा चम्मच हल्दी पाउडर, आधा प्याज काटकर डाल दें.
- चार-पांच लहसुन की कलियां, एक हरी मिर्च और एक चम्मच बारीक कटी हुई अदरक डाल दें.
- अब ढक्कन लगाकर कुकर में मीडियम फ्लेम पर दो-तीन सीटी लगाएं.
- जब तक कुकर ठंडा हो, तब तक तड़के की तैयारी कर लें.
- फ्राई पैन को गरम करके दो चम्मच देसी घी डालें.
- इसमें दो सूखी लाल मिर्च और आधा चम्मच हींग डालकर भूनें.
- अब एक चम्मच जीरा डालें.
- एक चम्मच बारीक कटा हुआ लहसुन डालें और हल्की आंच पर भूनें.
- लहसुन को ब्राउन होने तक भूनें और अब उसमें बारीक कटा हुआ प्याज डाल दें.
- प्याज को धीमी आंच पर ब्राउन होने तक भूनें.
- अब दो बारीक कटी हुई हरी मिर्च और एक चम्मच बारीक कटी हुई अदरक डाल दें.
- सभी को अच्छी तरह मिलाते रहें, ताकि कुछ भी जले न.
- अब आधा चम्मच हल्दी पाउडर, एक चम्मच लाल मिर्च पाउडर, एक चम्मच सांभर मसाला डालें.
- मसालों को अच्छी तरह से भून लें.
- अब दो बारीक कटे हुए टमाटर डाल दें.
- स्वादानुसार नमक डाल दें.
- टमाटर को पका लें. ध्यान रहे कि टमाटर मैश न हो.
- अब एक बड़ी कटोरी कटी हुई पालक पैन में डाल दें.
- पालक को भी टमाटर के साथ मिलाकर पका लें.
- पालक तड़का तैयार है, अब इसे दाल के साथ मिक्स करेंगे.
- तैयार किए गए पालक तड़के को दाल में डाल दें.
- दाल में पालक तड़के को अच्छी तरह से मिला दें और गैस ऑन करके पांच मिनट तक पकाएं.
- इस स्टेज पर एक बार दाल पालक तड़के का नमक चेक कर लें. अगर आवश्यकता हो तो और नमक मिला लें.
- दाल पालक तड़के में आधा नींबू निचोड़ दें.
आपकी दाल पालक तड़का तैयार है. इसे एक बाउल में निकालें और ताजा कटे हरे धनिया से गार्निश कर लें. बेहतर स्वाद पाने के लिए आप ऊपर से एक चम्मच देसी घी मिला सकते हैं और इसे गरमा गरम सर्व करें.
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.