हरियाणा के गुरुग्राम (Gurugram) स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान आईसीयू में वेंटिलेटर पर भर्ती एक एयर होस्टेस के साथ कथित रूप से यौन उत्पीड़न (Gurugram hospital sexual assault) का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, यह घटना 6 अप्रैल को हुई जब पीड़िता गंभीर हालत में अस्पताल के आईसीयू में भर्ती थी।
पुलिस ने बताया कि यह मामला 13 अप्रैल को तब प्रकाश में आया जब पीड़िता ने अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद अपने पति को इस घटना की जानकारी दी। पति ने तुरंत 112 नंबर पर पुलिस को सूचित किया और फिर कानूनी सलाहकार की मौजूदगी में सदर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई।
क्या है पूरा मामला?
46 वर्षीय पीड़िता एक एयर होस्टेस हैं, जो ट्रेनिंग के सिलसिले में गुरुग्राम आई थीं और एक होटल में ठहरी हुई थीं। इसी दौरान एक डूबने की घटना में उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बाद में 5 अप्रैल को उनके पति उन्हें दूसरे निजी अस्पताल में भर्ती कराते हैं। इसी अस्पताल में 6 अप्रैल को, जब वे वेंटिलेटर पर थीं और बेहोशी की हालत में थीं, तब उनके साथ कथित यौन उत्पीड़न की घटना हुई।
पीड़िता के अनुसार, “घटना के वक्त मैं वेंटिलेटर पर थी, बोलने की हालत में नहीं थी और काफी डरी हुई थी। मैं बेहोश थी, और उस समय पास में दो नर्सें भी मौजूद थीं। अस्पताल के कुछ स्टाफ ने मेरा यौन उत्पीड़न किया।”
पुलिस जांच में जुटी
गुरुग्राम पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार के अनुसार, “पीड़िता की शिकायत के आधार पर सदर पुलिस स्टेशन में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम ने तुरंत अस्पताल पहुंचकर ड्यूटी चार्ट और सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।”
उन्होंने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध का बयान मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज कराया गया है और जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
अस्पताल प्रशासन की चुप्पी
जब इस मामले पर अस्पताल प्रशासन से प्रतिक्रिया मांगी गई तो उन्होंने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। अस्पताल के सुरक्षा कर्मियों ने भी घटना की कोई जानकारी होने से इनकार किया है।
सोशल मीडिया पर उठी नाराजगी
यह मामला सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। लोग अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्थाओं और मरीजों की गरिमा की रक्षा को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.