Delhi News | देश की राजधानी सोमवार शाम उस वक्त दहल गई जब लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास अचानक एक जोरदार धमाका (delhi explosion red fort) हुआ। शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, इस विस्फोट (Delhi Blast) में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हैं, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई और पुलिस तथा फॉरेंसिक टीमें मौके पर पहुंच गई हैं।
लोकनायक जयप्रकाश नारायण (LNJP) अस्पताल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सभी घायलों को तत्काल अस्पताल लाया गया, लेकिन उनमें से आठ ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने इलाके को सील कर दिया है और जांच के लिए एनएसजी (NSG) और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स को भी बुलाया गया है।
Delhi Blast पर बोले केजरीवाल — “साजिश की गहराई से जांच हो”
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने इस धमाके को “बेहद चिंताजनक” बताया। उन्होंने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा—
“लाल किले के पास धमाके की खबर बेहद चिंताजनक है। बताया जा रहा है कि इसमें कुछ लोगों की मौत हुई है, जो बेहद दुखद है। पुलिस और सरकार को तुरंत जांच करनी चाहिए कि यह धमाका कैसे हुआ और क्या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश है। दिल्ली की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जा सकती।”
मनीष सिसोदिया ने की शांति बनाए रखने की अपील
AAP नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि ऐसे समय में जनता को शांति और संयम बनाए रखना चाहिए। उन्होंने एक्स पर लिखा—
“दिल्ली में हुए धमाके की खबर बेहद दुखद और चिंताजनक है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। ऐसे समय में हमारी एकता ही सबसे बड़ी ताकत है—आतंक और डर का जवाब केवल शांति और एकजुटता से दिया जा सकता है।”
AAP नेता आतिशी बोलीं — “दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जरूरी”
दिल्ली की मंत्री आतिशी ने कहा—
“लाल किले के पास हुए धमाके की खबर अत्यंत चिंताजनक है। भगवान से प्रार्थना करती हूं कि सभी सुरक्षित हों। घटना की गहराई से जांच होनी चाहिए ताकि दोषियों को सख्त सजा मिल सके। दिल्लीवासियों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने सरकार से की पारदर्शी जांच की मांग
कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने भी धमाके पर गहरा दुख जताया। उन्होंने लिखा—
“लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास कार धमाका बेहद दुखद है। शुरुआती रिपोर्टों में कई लोगों की मौत की जानकारी मिली है। हम पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं। सरकार को इस मामले में निष्पक्ष और तेज़ जांच सुनिश्चित करनी चाहिए।”
रॉबर्ट वाड्रा बोले—‘कृपया भीड़भाड़ वाली जगहों से दूर रहें’
व्यवसायी रॉबर्ट वाड्रा ने इंस्टाग्राम पर लिखा—
“लाल किले के पास हुए कार ब्लास्ट की खबर से मैं बेहद स्तब्ध हूं। सुना है कि एक व्यक्ति की मौत हुई और कई गाड़ियां आग की चपेट में आईं। सभी लोग सतर्क रहें और फिलहाल भीड़भाड़ वाली जगहों से दूर रहें। मेरी संवेदनाएं उस परिवार के साथ हैं जिसने अपना प्रियजन खोया।”
घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर
धमाके के बाद दिल्ली पुलिस, एनएसजी और इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) की टीमों ने क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया। लाल किला, चांदनी चौक, दरियागंज और जामा मस्जिद इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मेट्रो स्टेशन को कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया था, जिसे बाद में आंशिक रूप से खोला गया।
अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में धमाका एक कार के अंदर हुआ, हालांकि यह अभी स्पष्ट नहीं है कि यह आतंकी हमला था या तकनीकी विस्फोट। फॉरेंसिक टीमें घटनास्थल से नमूने जुटा रही हैं।
लोगों में दहशत, चश्मदीदों ने बताया दृश्य
धमाके के वक्त पास ही मौजूद एक ऑटो ड्राइवर ने बताया—
“अचानक जोरदार धमाका हुआ, ऐसा लगा जैसे कोई सिलेंडर फट गया हो। कुछ ही सेकंड में चारों ओर धुआं फैल गया और लोग चीखने लगे।”
सरकार ने कहा — दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने दिल्ली पुलिस से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। सूत्रों के मुताबिक, गृह मंत्री ने शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक कर स्थिति की समीक्षा की है और कहा है कि “दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।”
सोशल मीडिया पर सहानुभूति और चिंता की लहर
धमाके की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर #RedFortBlast ट्रेंड करने लगा। लोग सरकार से पारदर्शी जांच और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की मांग कर रहे हैं।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.