दिल्ली में पानी की किल्लत को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ AAP का मटका फोड़ प्रदर्शन

AAP matka phod protest | राजधानी दिल्ली में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी के बीच गहराते जल संकट ने अब बड़े राजनीतिक और सामाजिक विरोध का रूप ले लिया है। आम आदमी पार्टी (आप) ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए मयूर विहार फेज-2 स्थित दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) कार्यालय पर एक बड़ा और आक्रामक ‘मटका फोड़ प्रदर्शन’ किया।

कोंडली से ‘आप’ विधायक कुलदीप कुमार के नेतृत्व में सैकड़ों स्थानीय निवासियों ने पानी की भारी किल्लत के विरोध में जल बोर्ड कार्यालय के सामने जमकर नारेबाजी की और प्रशासनिक नाकामी पर रोष जताते हुए मटके फोड़े।

AAP matka phod protest

प्रदर्शनकारियों ने ‘भाजपा सरकार निकम्मी है, दिल्ली को पानी दो’ के नारे लगाकर सोई हुई सरकार और प्रशासन को जगाने की कोशिश की। प्रदर्शन के दौरान हालात उस समय तनावपूर्ण हो गए जब स्थानीय निवासियों ने जल बोर्ड कार्यालय के अंदर घुसकर मटके भरने की कोशिश की, लेकिन मौके पर तैनात भारी पुलिस बल और पैरामिलिट्री फोर्सेज ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। इसके बाद आक्रोशित जनता ने दफ्तर के बाहर ही सारे मटके फोड़ दिए।

‘चार इंजन’ की सरकार और जनता प्यासी: कुलदीप कुमार

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए विधायक कुलदीप कुमार ने भाजपा सरकार पर वादाखिलाफी का सीधा आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “चुनाव के दौरान इन्होंने ‘डबल इंजन’ की बात की थी, लेकिन आज तो नगर निगम, केंद्र और उपराज्यपाल को मिलाकर इनके पास ‘चार-चार इंजन’ हैं। इसके बावजूद यह सरकार दिल्ली की जनता को एक इंजन के बराबर भी पानी देने में पूरी तरह असमर्थ साबित हुई है।”

कुलदीप कुमार ने कहा कि इस जानलेवा गर्मी में मुख्यमंत्री और उनके तमाम जिम्मेदार मंत्री अपने वातानुकूलित (एसी) कमरों में बंद हैं और गरीब जनता एक-एक मटका पानी भरने के लिए तरस रही है। उन्होंने आगे कहा कि जो पानी पहले अरविंद केजरीवाल सरकार के समय दिल्ली वालों को आसानी से मिल रहा था, आज वह भी बंद हो गया है। अमीर लोग तो महंगे दामों पर टैंकरों से पानी खरीद लेंगे, लेकिन गरीब नागरिक कहाँ जाएगा? आज जब पानी पर हाहाकार मचा है तो ये प्रदूषण की बात करके ध्यान भटका रहे हैं।

“प्रधानमंत्री अपने मंत्रियों से कहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा पानी पियो, मंत्री तो पानी पी लेंगे, लेकिन दिल्ली की आम जनता पानी कहाँ से पिएगी?” — कुलदीप कुमार, विधायक (कोंडली विधानसभा)

पीएमओ को भेजी गई रिपोर्ट को बताया ‘सफेद झूठ’

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) को सौंपी गई जल संकट की रिपोर्ट पर तीखा प्रहार करते हुए कुलदीप कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री ने पीएमओ को एक पूरी तरह से फर्जी और झूठी रिपोर्ट सौंपी है, जिसमें दावा किया गया है कि दिल्ली के केवल 10 फीसदी इलाकों में पानी की समस्या है।

विधायक ने खुले मंच से चुनौती देते हुए कहा, “मुख्यमंत्री वह रिपोर्ट हमें और जनता को दिखाएं, हम साबित करेंगे कि दिल्ली की 40 फीसदी से अधिक आबादी पानी के लिए त्राहि-त्राहि कर रही है और यह निकम्मी सरकार कुछ नहीं कर रही है।”

Delhi water crisis 2026

‘अफसरशाही केवल रील बनाने में व्यस्त है’

विधायक ने प्रशासनिक तंत्र और तानाशाही पर रोष व्यक्त करते हुए कहा कि आज लोकतांत्रिक रूप से चुने गए एक जनप्रतिनिधि को जनता की बुनियादी समस्याओं के लिए जल बोर्ड के अधिकारियों से मिलने हेतु भारी पुलिस बैरिकेडिंग और पैरामिलिट्री फोर्स का सामना करना पड़ रहा है। इन्होंने लोकतंत्र का मज़ाक बना दिया है। इनके निकम्मे अफसर और मंत्री बाहर आकर जनता को जवाब क्यों नहीं देते कि पानी कब मिलेगा? ये जवाब नहीं देंगे क्योंकि यह सरकार काम करने के बजाय केवल ‘रील (Reels)’ बनाने में व्यस्त है।

केंद्रीय मंत्री प्रवेश वर्मा के आवास के घेराव का अल्टीमेटम

‘आप’ विधायक ने अंत में चेतावनी देते हुए कहा कि कोंडली विधानसभा और पूरी दिल्ली में जनता का सब्र अब टूट रहा है। यदि जल संकट का तुरंत समाधान नहीं किया गया और प्रभावित इलाकों में पानी की आपूर्ति बहाल नहीं की गई, तो वे कोंडली के हजारों नागरिकों के साथ मिलकर केंद्रीय मंत्री प्रवेश वर्मा के आवास का अनिश्चितकालीन घेराव करेंगे।

Leave a Comment

दीपिका पादुकोण का शाहरुख खान के लिए इमोशनल पोस्ट पहलगाम पर अमिताभ बच्चन ने तोड़ी चुप्पी फैटी लिवर के क्या लक्षण हैं, कैसे होगा ठीक? वैभव सूर्यवंशी के लिए बिहार सरकार का बड़ा ऐलान! IPL इतिहास में सबसे तेज़ शतक लगाने वाले बल्लेबाज़!