समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर बड़ा दावा किया है। अखिलेश यादव ने कहा है कि योगी आदित्यनाथ जनता का भरोसा खो चुके हैं और अब उनकी विदाई तय है.
अखिलेश यादव प्रयागराज महाकुंभ में हुई भगदड़ की घटना पर बोल रहे थे. उन्होंने प्रयागराज में हुई भगदड़ की घटना के लिए राज्य की भारतीय जनता पार्टी को जिम्मेदार ठहराया है.
‘‘संत-महात्माओं और आम जनता का भरोसा खो चुके मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नैतिक रूप से जा चुके हैं और अब राजनीतिक रूप से भी चले जाएंगे.’’ – अखिलेश यादव
समाजवादी पार्टी की ओर से जारी बयान के अनुसार अखिलेश यादव ने कहा कि प्रयागराज महाकुंभ में भगदड़ सरकार की गलती से हुई है, इसके लिए पूरी तरह सरकार जिम्मेदार है.
‘‘भाजपा सरकार अपनी नाकामी छिपा रही है. भगदड़ में जान गंवाने वालों की सही संख्या नहीं बता रही है. भाजपा सरकार मृतकों की संख्या इसलिए छिपा रही है, जिससे उसे मुआवजा नहीं देना पड़े. यह सरकार की संवेदनहीनता है.’’ – अखिलेश यादव
“झूठ बोल रही है सरकार”
समाजवादी पार्टी के मुखिया ने कहा, ‘‘अब तो संत और धर्माचार्य भी महाकुंभ की अव्यवस्था और सरकार के झूठ पर खुल कर बोल रहे हैं. संत महात्मा भी मुख्यमंत्री जी के झूठ से दुःखी हैं. सभी लोग कह रहे हैं कि मुख्यमंत्री जी झूठे हैं. सरकार झूठ बोल रही है. परिजन अपनों के लिए परेशान हैं. सरकार मृतकों और घायलों की संख्या छिपा रही है.’’
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा, “मुख्यमंत्री जी (योगी आदित्यनाथ) तो नैतिक रूप से जा चुके हैं, अब राजनीतिक रूप से भी चले जाएंगे. महाकुंभ घटना पूरी तरह से सरकार की नाकामी है.’’
‘‘प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनकी सरकार ने आम लोगों का भरोसा खो दिया है. यह उनकी नैतिक हार है. जब संत-महात्मा भी मुख्यमंत्री को झूठा कह रहे हैं तो मुख्यमंत्री की इससे बड़ी हार और क्या हो सकती है.” – अखिलेश यादव
महाकुंभ भगदड़ में 30 लोगों की मौत
प्रयागराज महाकुंभ में मंगलवार देर रात मौनी अमावस्या के स्नान के लिए उमड़ी भीड़ के बीच भगदड़ मच गई थी. सरकार के मुताबिक इस घटना में 30 लोगों की मौत हो गई थी और 60 अन्य जख्मी हो गए थे.
अखिलेश यादव ने मांग करते हुए कहा, “सरकार सबसे पहले सभी खोये हुए लोगों और मृतकों की पूरी सूची जारी करे जिससे परेशान और पीड़ित परिजनों को सही जानकारी मिल सके. इसके साथ ही सरकार सभी शवों को गरिमापूर्ण तरीके से उनके घरों तक पहुंचाने की व्यवस्था करे.”
यादव ने कहा कि कुंभ मेला क्षेत्र और उसके आसपास अब भी लाखों लोग और गाड़ियां सड़कों पर फंसी हैं, सरकार उनके डीजल, पेट्रोल, खाने-पीने और घरों तक सुरक्षित पहुंचाने का इंतजाम करे.
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.