नई दिल्ली | आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने देश में जबरदस्ती E20 Petrol (20 प्रतिशत इथेनॉल मिश्रित) थोपे जाने को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है। केजरीवाल ने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि केंद्र सरकार के लिए पूरा देश एक प्रयोगशाला बन चुका है। उन्होंने दावा किया कि इस प्रयोग से देश भर के वाहन चालकों में भारी रोष है, क्योंकि इथेनॉल मिश्रित ईंधन के कारण गाड़ियाँ बीच रास्ते में बंद हो रही हैं, उनके इंजन के पार्ट्स खराब हो रहे हैं और वाहन का माइलेज भी 30 प्रतिशत तक घट गया है।
“माइलेज 30% कम, तो दाम भी 30% कम हो”
अरविंद केजरीवाल ने वित्तीय मोर्चे पर जनता को हो रहे नुकसान का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जब इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल से गाड़ियों की एवरेज (माइलेज) में 30 प्रतिशत की गिरावट आ रही है, तो सरकार को इसके दाम भी 30 प्रतिशत सस्ते करने चाहिए। उन्होंने कहा, “सरकार दाम तो पूरे पेट्रोल वाले ही वसूल रही है, लेकिन जनता को माइलेज कम मिल रहा है। इससे आम आदमी पर आर्थिक बोझ अत्यधिक बढ़ गया है।”
अपने दावों को मजबूत करने के लिए उन्होंने भारत पेट्रोलियम केमिकल लिमिटेड (BPCL) के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनुराग के एक बयान का हवाला दिया। केजरीवाल के अनुसार, स्वयं सरकारी कंपनी के विशेषज्ञ ने माना है कि इथेनॉल के रासायनिक स्वरूप के कारण वाहनों का माइलेज 30 प्रतिशत तक कम हो जाता है। उन्होंने सवाल किया कि जब सरकारी अधिकारी खुद इस बात को स्वीकार कर रहे हैं, तो सरकार जनता को इस नुकसान का मुआवजा क्यों नहीं दे रही है?
सुप्रीम कोर्ट में अटॉर्नी जनरल के बयान पर घेरा
केजरीवाल ने हाल ही में सुप्रीम कोर्ट में हुई एक सुनवाई का जिक्र करते हुए केंद्र सरकार पर यू-टर्न लेने का आरोप लगाया। उन्होंने एक वीडियो क्लिप साझा करते हुए कहा कि 30 जून को केंद्र सरकार ने अटॉर्नी जनरल के माध्यम से देश की शीर्ष अदालत में स्वीकार किया था कि पेट्रोल में 20 फीसदी इथेनॉल मिलाना सिर्फ एक ‘एक्सपेरिमेंट’ (प्रयोग) है, जिसके नतीजों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
“यह कैसा एक्सपेरिमेंट है जो पूरे देश की 140 करोड़ आबादी की गाड़ियों पर कंपलसरी (अनिवार्य) कर दिया गया है? एक्सपेरिमेंट तो कुछ सौ या हजार गाड़ियों पर किया जाता है, न कि पूरे देश को दांव पर लगाकर।”
— अरविंद केजरीवाल, राष्ट्रीय संयोजक (AAP)
केजरीवाल ने आरोप लगाया कि जब अगले दिन मीडिया में यह खबर प्रमुखता से आई, तो केंद्र सरकार अपनी बात से पूरी तरह मुकर गई और बयान जारी कर इसे झूठ करार दे दिया।
E20 Petrol से इंजन खराब होने और जंग लगने की शिकायतें
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि देश भर से लोगों की शिकायतें आ रही हैं कि E20 पेट्रोल के इस्तेमाल से गाड़ियों के इंजन में जंग लग रहा है और पार्ट्स समय से पहले खराब हो रहे हैं। लेकिन सरकार जनता पर जबरन E20 पेट्रोल थोप रही है।
उन्होंने जनता की चुनी हुई सरकार को उसके कर्तव्यों की याद दिलाते हुए कहा कि सरकार का फर्ज है कि वह जनता के वोटों की इज्जत करे और उनकी समस्याओं को सुनकर नीतियों में बदलाव करे।
प्रधानमंत्री को लिखेंगे पत्र, जनता से मांगी राय
अरविंद केजरीवाल ने घोषणा की है कि वह देश भर के वाहन चालकों और आम जनता की इन समस्याओं को लेकर जल्द ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक विस्तृत पत्र लिखेंगे। इस पत्र के माध्यम से वे इस फैसले को वापस लेने या पेट्रोल के दामों में कटौती करने की मांग करेंगे।
विशेष बात यह है कि केजरीवाल ने इस पत्र के मसौदे के लिए देशवासियों से सीधा संवाद साधा है। उन्होंने जनता से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर कमेंट्स या डायरेक्ट मैसेज (DM) के जरिए उन्हें बताएं कि इस पत्र में किन-किन मुख्य बिंदुओं और जन-समस्याओं को शामिल किया जाना चाहिए।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.