बेंगलुरु के अतुल सुभाष केस (Atul Subhash Case) में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने हरियाणा के गुरुग्राम से अतुल सुभाष की पत्नी निकिता सिंघानिया (Nikita Singhania Arrested) को गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से हुई है। तीनों पर अतुल सुभाष को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है।
बता दें, सॉफ्टवेयर इंजीनियर अतुल सुभाष ने पत्नी की तरफ से दर्ज कराए गए मुकदमों से परेशान होकर कर्नाटक के बेंगलुरु में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।
Atul Subhash Case पर पुलिस ने क्या कहा?
पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अतुल सुभाष की पत्नी निकिता सिंघानिया (Nikita Singhania), निशा सिंघानिया (निकिता की मां) और अनुराग सिंघानिया (निकिता के भाई) के रूप में हुई है। निकिता सिंघानिया को गुरुग्राम से, जबकि निशा और अनुराग सिंघानिया को प्रयागराज से गिरफ्तार किया गया है। तीनों ही आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
बेंगलुरु पुलिस के व्हाइट फील्ड डिवीजन के डिप्टी कमिश्नर शिवकुमार ने जानकारी देते हुए बताया,
“मुख्य अभियुक्त निकिता सिंघानिया को हरियाणा के गुरुग्राम से गिरफ्तार किया गया है। दूसरी आरोपी निशा सिंघानिया और तीसरे आरोपी अनुराग सिंघानिया को प्रयागराज से गिरफ्तार किया गया है। तीनों आरोपियों को कोर्ट के सामने पेश किया गया था, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।”
बेंगलुरु की एक निजी कंपनी में बतौर डिप्टी जनरल मैनेजर काम करने वाले 34 वर्षीय अतुल सुभाष ने अपने अपार्टमेंट में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। अतुल सुभाष ने एक 24 पन्नों का सुसाइड नोट लिखा था, जिसमें उन्होंने अपनी पत्नी और ससुरालीजनों पर प्रताड़ना का आरोप लगाया था। इसके साथ ही अतुल सुभाष ने उत्तर प्रदेश में जौनपुर की फैमिली कोर्ट के जज पर केस को खत्म करने के लिए पांच लाख रुपये की घूस मांगने का भी आरोप लगाया था।
अतुल सुभाष के परिवार का क्या कहना है?
अतुल सुभाष के पिता ने जानकारी देते हुए बताया कि उनके बेटे की पत्नी और ससुरालीजनों ने कई फर्जी केस दायर किए थे, जिसकी वजह से उनका बेटे अंदर से पूरी तरह से टूट गया था।
अतुल सुभाष के पिता पवन कुमार ने बताया-
मेरा बेटा कहता था कि सिस्टम बहुत भ्रष्ट है, लेकिन वह सच के लिए लड़ेगा। लेकिन वह लड़ते-लड़ते अंदर से पूरी तरह से टूट चुका था। उसने किसी को कुछ नहीं बताया, और इस तरह का कदम उठा लिया।
अतुल सुभाष ने बीते 9 दिसंबर को कथित तौर पर पत्नी और ससुरालीजनों से प्रताड़ित होकर आत्महत्या कर ली थी। अतुल सुभाष ने 24 पन्नों के सुसाइट नोट के हर पन्ने पर लिखा था कि “न्याय अभी बाकी है”।
अतुल सुभाष ने सुसाइड नोट में यह भी आरोप लगाया था कि उसके खिलाफ उसकी पत्नी निकिता सिंघानिया ने हत्या का प्रयास, शारीरिक शोषण, दहेज मांगना, घरेलू हिंसा जैसे गंभीर मामलों में फर्जी मुकदमे दर्ज कराए थे। इन मुकदमों को लड़ते-लड़ते अतुल सुभाष हार चुका था।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.