छत्तीसगढ़ में ‘छावा’ टैक्स फ्री, सरकार ने क्यों लिया यह फैसला?

बॉक्स ऑफिस पर ‘छावा’ छाई हुई है। देश-विदेश में छप्परफाड़ कमाई के बाद अब इसे राज्यों में टैक्स फ्री करने की शुरूआत हो चुकी है। मध्य प्रदेश और गोवा के बाद अब छत्तीसगढ़ सरकार ने विक्की कौशल, अक्षय खन्ना और रश्मिका मंदाना स्टारर फिल्म ‘छावा’ को राज्य में टैक्स फ्री करने की घोषणा की है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ऐतिहासिक वीर गाथा पर आधारित हिंदी फिल्म ‘छावा’ को राज्य में टैक्स फ्री करने की घोषणा की है।

छत्तीसगढ़ में क्यों टैक्स फ्री हुई ‘छावा’?

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि ‘छावा’ फिल्म को राज्य में टैक्स फ्री करने का फैसला छत्तीसगढ़ की जनता को देश के गौरवशाली इतिहास से जोड़ने और युवा पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम एवं शौर्य की भावना जागृत करने के उद्देश्य से लिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा-

”‘छावा’ केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि ऐतिहासिक परंपराओं, वीरता और स्वाभिमान की गाथा है, जिसे हर नागरिक को देखना चाहिए। यह फिल्म युवा वर्ग को प्रेरित करेगी और छत्रपति संभाजी महाराज के शौर्य, बलिदान और नेतृत्व को व्यापक रूप से प्रस्तुत करेगी।”

अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री साय के इस फैसले से राज्य के सिनेमाघरों में फिल्म देखने के इच्छुक दर्शकों को मूल्य में राहत मिलेगी, जिससे अधिक से अधिक लोग इसे देख सकेंगे और भारतीय इतिहास की समृद्ध विरासत से प्रेरणा ले सकेंगे।

‘छावा’ को क्यों मिल रहा दर्शकों का प्यार?

‘छावा’ फिल्म छत्रपति शिवाजी महाराज के पुत्र छत्रपति संभाजी महाराज के जीवन पर आधारित है, जिन्होंने मुगलों और अन्य आक्रांताओं के खिलाफ संघर्ष करते हुए अपने अदम्य साहस, रणनीतिक कौशल और बलिदान की अमर गाथा लिखी। फिल्म उनके अदम्य साहस और बलिदान को जीवंत करती है और राष्ट्रभक्ति की भावना को सुदृढ़ करती है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा है-

राज्य सरकार ऐसी फिल्मों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है, जो समाज को प्रेरणा देती हैं और सांस्कृतिक चेतना को जाग्रत करती हैं। छत्तीसगढ़ सरकार ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रभक्ति से जुड़ी फिल्मों को प्रोत्साहित करती रहेगी ताकि भावी पीढ़ी अपने गौरवशाली अतीत से जुड़ी रहे।

अधिकारियों ने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ की जनता, विशेष रूप से युवाओं से अपील की है कि वे इस फिल्म को देखें और भारतीय इतिहास के उन स्वर्णिम पन्नों को समझें, जो आज भी हमारे जीवन को दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।’’

मध्य प्रदेश और गोवा में भी टैक्स फ्री

विक्की कौशल स्टारर छावा को हाल ही में छत्तीसगढ़ सरकार ने टैक्स फ्री घोषित किया है। इससे पहले, यह फिल्म मध्य प्रदेश और गोवा में भी टैक्स फ्री हो चुकी है। सरकारों के इस फैसले से अधिक से अधिक दर्शक इस ऐतिहासिक फिल्म को बड़े पर्दे पर देख सकेंगे, जिससे छत्रपति संभाजी महाराज के गौरवशाली जीवन की कहानी और व्यापक स्तर पर पहुंचेगी।

कैसी है विकी कौशल की छावा?

विकी कौशल की ‘छावा’ एक ऐतिहासिक ड्रामा है, जो छत्रपति संभाजी महाराज के जीवन पर आधारित है। फिल्म में विकी कौशल ने संभाजी महाराज की भूमिका निभाई है, जबकि रश्मिका मंदाना उनकी पत्नी येसूबाई के किरदार में नजर आ रही हैं।

आशुतोष राणा, चंद्रजीत रणवीर और अन्य कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। फिल्म में शानदार सिनेमैटोग्राफी, भव्य सेट और गहरी कहानी दर्शकों को ऐतिहासिक युग में ले जाती है। विकी कौशल का दमदार अभिनय और एक्शन सीक्वेंस इसे और भी प्रभावशाली बनाते हैं।

Author


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Comment

Discover more from

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading

दीपिका पादुकोण का शाहरुख खान के लिए इमोशनल पोस्ट पहलगाम पर अमिताभ बच्चन ने तोड़ी चुप्पी फैटी लिवर के क्या लक्षण हैं, कैसे होगा ठीक? वैभव सूर्यवंशी के लिए बिहार सरकार का बड़ा ऐलान! IPL इतिहास में सबसे तेज़ शतक लगाने वाले बल्लेबाज़!