हरियाणा चुनाव: भाजपा ने किया ‘हैट्रिक’ का दावा, कांग्रेस को सत्ता में वापसी की आस

निर्वाचन आयोग ने हरियाणा विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। चुनावों की घोषणा के तुरंत बाद राजनीतिक दलों ने इस कदम का स्वागत किया है। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कहा कि वह लगातार राज्य में तीसरी बार सरकार बनाएगी, जबकि कांग्रेस ने दावा किया कि जनता भाजपा को सत्ता से बाहर कर देगी।

निर्वाचन आयोग ने कहा कि हरियाणा में विधानसभा चुनाव एक अक्टूबर को एक ही चरण में होंगे और नतीजे चार अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।

हरियाणा चुनावः भाजपा को ‘हैट्रिक’ की उम्मीद

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि भाजपा हरियाणा में बड़े जनादेश के साथ सत्ता बरकरार रखेगी और विकास की गति तेज होगी। सैनी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा-

“हरियाणा की जनता एक अक्टूबर 2024 को लोकतंत्र के महापर्व के लिए तैयार है। एक अक्टूबर को जनता एक बार फिर मतदान बूथ पर जाकर कमल का बटन दबाएगी और तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाएगी। चार अक्टूबर: हरियाणा में तीसरी बार भाजपा सरकार।”

भाजपा नेता और पूर्व मंत्री अनिल विज ने चुनाव की तारीखों की घोषणा पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, “हम निर्वाचन आयोग द्वारा चुनाव की तारीखों की घोषणा का स्वागत करते हैं। हमारे कार्यकर्ता हमेशा मैदान में रहते हैं और हम चुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।”

भाजपा की हरियाणा इकाई के वरिष्ठ नेता ओपी धनखड़ ने कहा कि चुनाव का बिगुल बज चुका है। धनखड़ ने कहा-

“हम चुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। कार्यकर्ता बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। हम लोगों के पास जाएंगे और पिछले 10 वर्ष में ‘डबल इंजन’ सरकार द्वारा किए गए कामों के आधार पर वोट मांगेंगे।”

उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता तीसरी बार अपना आशीर्वाद देगी और पार्टी ‘हैट्रिक’ लगाएगी।

कांग्रेस को सत्ता में वापसी की आस

कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा है कि उनकी पार्टी चुनाव के लिए तैयार है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा-

“जनता चुनाव की तारीख घोषित होने का इंतजार कर रही थी। हम भारी बहुमत से सरकार बनाएंगे और भाजपा को सत्ता से बेदखल कर देंगे।”

हुड्डा ने कहा कि पार्टी जीतने योग्य उम्मीदवारों को योग्यता के आधार पर टिकट देगी। उन्होंने पार्टी की हरियाणा इकाई में गुटबाजी की बातों को खारिज करते हुए कहा कि मतभेद हो सकते हैं, लेकिन मनभेद नहीं।

कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा सरकार के जाने का समय आ गया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव विनीत पुनिया ने कहा कि भाजपा सरकार की विदाई का समय आ गया है। उन्होंने कहा, “बीते 10 वर्ष में भाजपा सरकार ने कई जनविरोधी फैसले लिये, जिससे समाज का हर वर्ग नाखुश है।”

क्षेत्रीय दलों को भी अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद

  • जननायक जनता पार्टी (जेजेपी): पार्टी नेता दिग्विजय चौटाला ने दावा किया कि जनता आगामी विधानसभा चुनावों में उनकी पार्टी को अपना आशीर्वाद देगी। चौटाला ने कहा कि चुनाव क्षेत्रीय मुद्दों पर लड़ा जाएगा।
  • इंडियन नेशनल लोकदल (आईएनएलडी) के नेता अभय सिंह चौटाला ने कहा, “हम हरियाणा विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा का स्वागत करते हैं। राज्य को लूटने वालों को बाहर का रास्ता दिखाने का समय आ गया है।”
  • आम आदमी पार्टी (आप) की हरियाणा इकाई के प्रमुख सुशील गुप्ता ने कहा कि उनकी पार्टी ने सभी 90 सीट पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर ली है। लोग इस बार ‘बदलाव’ चाहते हैं और ‘आप’ एक अच्छा विकल्प बनेगी।”

Author


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Comment

Discover more from

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading

दीपिका पादुकोण का शाहरुख खान के लिए इमोशनल पोस्ट पहलगाम पर अमिताभ बच्चन ने तोड़ी चुप्पी फैटी लिवर के क्या लक्षण हैं, कैसे होगा ठीक? वैभव सूर्यवंशी के लिए बिहार सरकार का बड़ा ऐलान! IPL इतिहास में सबसे तेज़ शतक लगाने वाले बल्लेबाज़!