सिनेमा से सियासत तक का सफर तय करने वाली अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत ने अब अपनी नई ख्वाहिश का खुलासा किया है। हिमाचल की मंडी सीट से सांसद बनने के बाद अब कंगना ने वो सपना देखा है, जो बॉलीवुड इंडस्ट्री में बड़े-बड़े फिल्म मेकर अब तक पूरा नहीं कर सके हैं।
कंगना ने इस ख्वाहिश का खुलासा अपने निर्देशन में बनी फिल्म “इमरजेंसी” का ट्रेलर जारी किए जाने के मौके पर किया है।
खान तिकड़ी के साथ फिल्म बनाना चाहती हैं कंगना
‘इमरजेंसी’ फिल्म के ट्रेलर रिलीज के मौके पर कंगना ने कहा कि वह बॉलीवुड इंडस्ट्री के तीनों खान-शाहरुख, सलमान और आमिर को साथ लेकर अपने प्रोडक्शन हाउस के बैनर तले फिल्म बनाना चाहती हैं।
उन्होंने “नॉक आउट” फिल्म में साथ काम करने वाले अभिनेता दिवंगत इरफान खान को “पसंदीदा खानों में से एक” बताते हुए कहा कि उन्हें अफसोस है कि वह उनके साथ फिल्म नहीं बना पाईं।
“मैं एक फिल्म का निर्माण और निर्देशन करना चाहूंगी, जिसमें तीनों खान अभिनय करें। वे प्रतिभाशाली हैं और सिनेमा जगत के लिए बहुमूल्य हैं। हमें उनका हमेशा आभारी होना चाहिए। वे ऐसे लोगों से जुड़ते हैं जिन्हें इस तरह के जुड़ाव की जरूरत होती है।”
शाहरुख और सलमान ने “करण अर्जुन” और “कुछ कुछ होता है” जबकि सलमान और आमिर ने “अंदाज अपना अपना” में साथ अभिनय किया था। तीनों खान ने अब तक एक साथ कोई फिल्म नहीं की है।
कंगना रनौत को किस बात का अफसोस?
सलमान की साल 2011 में आई फिल्म ‘रेडी’ में अतिथि भूमिका निभाने वाली कंगना रनौत ने कहा कि तीनों खान में एक ‘कलात्मक पक्ष’ है, जो कई फिल्म में नहीं दिखा है।
“मैं कई अभिनेताओं के साथ फिल्म बनाना चाहूंगी। एक अभिनेता जिनके साथ मैं फिल्म नहीं बना पाई, उसका मुझे हमेशा अफसोस रहेगा, वह हैं इरफान खान साहब। वह मेरे पसंदीदा खानों में से एक हैं। मुझे हमेशा उनकी कमी खलेगी।’’
हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद बनने के बाद “इमरजेंसी” उनकी पहली फिल्म है। उन्होंने 2019 में “मणिकर्णिका: द क्वीन ऑफ़ झांसी” से निर्देशन में कदम रखा। उन्होंने कृष जगरलामुडी के साथ इस फिल्म का निर्देशन किया था।
6 सितंबर को रिलीज होगी ‘इमरजेंसी’
“इमरजेंसी” फिल्म में कंगना रनौत ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की भूमिका निभाई है। फिल्म छह सितंबर को रिलीज होगी।

इस फिल्म में अनुपम खेर, महिमा चौधरी, मिलिंद सोमण, श्रेयस तलपड़े, विशाक नायर और दिवंगत सतीश कौशिक भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं। इसका निर्माण जी स्टूडियो और रनौत की मणिकर्णिका फिल्म्स द्वारा किया गया है।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.