प्रियंका गांधी ने वायनाड सीट पर तोड़ा भाई राहुल गांधी का रिकॉर्ड

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने वायनाड लोकसभा उपचुनाव में चार लाख से अधिक मतों के भारी अंतर से जीत हासिल की है। इसी के साथ प्रियंका गांधी ने 2024 के लोकसभा चुनाव में अपने भाई राहुल गांधी की जीत के अंतर को भी पीछे छोड़ दिया।

प्रियंका ने छह लाख से अधिक वोट हासिल कर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेतृत्व वाले वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) के उम्मीदवार सत्यन मोकेरी को हराया। मोकेरी को 2,11,407 जबकि तीसरे स्थान पर रहीं भाजपा की उम्मीदवार नव्या हरिदास को 1,09,939 वोट मिले।

प्रियंका को मिली भाई राहुल से बड़ी जीत

बीते लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी ने रायबरेली और वायनाड दोनों ही सीटों पर जीत दर्ज की थी। राहुल गांधी के वायनाड सीट छोड़ देने की वजह से इस सीट पर उपचुनाव हुआ था। अब प्रियंका गांधी ने वायनाड लोकसभा सीट पर अपने भाई राहुल गांधी से भी बड़ी जीत हासिल की है।

कम मतदान के कारण प्रियंका गांधी को 6,22,338 वोट मिले, जो अप्रैल में हुए लोकसभा चुनाव में उनके भाई राहुल गांधी को मिले 647,445 वोटों से कम है। हालांकि, उन्हें 410,931 मतों अंतर से जीत मिली, जबकि राहुल को 364,422 वोटों से जीत हासिल हुई थी।

प्रियंका की जीत के साथ, दशकों में पहली बार, नेहरू-गांधी परिवार के तीन सदस्य- सोनिया, राहुल और प्रियंका- अब संसद सदस्य हैं।

प्रियंका गांधी ने जताया वायनाड की जनता का आभार

जीत से उत्साहित प्रियंका गांधी ने वायनाड के लोगों को अपने “प्यारे बहन और भाई” कहकर संबोधित किया और कहा कि वह वायनाड के लोगों की ओर से उन पर जताए गए “विश्वास के लिए आभारपूर्वक अभिभूत हैं।”

प्रियंका ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया-

‘‘वायनाड की मेरी प्यारी बहनो और भाइयो, आपने मुझ पर जो भरोसा जताया है, उसके लिए मैं कृतज्ञता से अभिभूत हूं। मैं यह सुनिश्चित करूंगी कि समय के साथ, आप वास्तव में महसूस करें कि यह जीत आपकी जीत है और जिसे आपने अपना प्रतिनिधित्व करने के लिए चुना है वह आपकी आशाओं और सपनों को समझती है तथा आपके लिए लड़ती है। मैं संसद में आपकी आवाज़ बनने के लिए उत्सुक हूं।’’

कांग्रेस महासचिव ने संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के सहयोगियों, केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नेताओं और कार्यकर्ताओं का भी अभार जताया। उन्होंने कहा-

“मेरी मां (सोनिया गांधी), रॉबर्ट (पति) और मेरे दो बच्चों- रेहान व मिराया, आपने मुझे जो प्यार और साहस दिया है, उसके लिए मैं आभार व्यक्त नहीं कर सकती। और मेरे भाई राहुल, आप उन सभी में सबसे बहादुर हैं… मुझे रास्ता दिखाने और हमेशा मेरा साथ देने के लिए आपका धन्यवाद।”

प्रियंका ने 23 अक्टूबर को अपना नामांकन दाखिल करने के बाद से लोकसभा क्षेत्र में जोरदार अभियान चलाया, जिसमें वायनाड जिले के तीन, मलप्पुरम के तीन और कोझिकोड का एक विधानसभा क्षेत्र शामिल है। उन्होंने क्षेत्र के लगभग हर गांव में मतदाताओं तक पहुंच बनाई।

वायनाड में प्रियंका ने गांव-गांव तक बनाई थी पहुंच

अक्टूबर में नामांकन दाखिल करने से ठीक पहले जब उन्होंने कलपेट्टा में रोड शो किया था, तब उनकी मां, पति, पुत्र और भाई राहुल, एआईसीसी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी महासचिवों और पार्टी शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों समेत शीर्ष कांग्रेस नेताओं ने वायनाड का दौरा किया था। प्रियंका के चुनाव अभियान को कांग्रेस की सहयोगी इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग का पुरजोर समर्थन प्राप्त था, जिसका इस निर्वाचन क्षेत्र में महत्वपूर्ण वोट आधार है।

इस साल की शुरुआत में हुए लोकसभा चुनावों में दो सीट से जीतने वाले राहुल गांधी ने वायनाड से इस्तीफा दे दिया था। प्रियंका ने विपक्ष के इस दावे का विरोध किया कि अगर वह निर्वाचित होती हैं तो वह भी “अपने भाई की तरह वायनाड सीट छोड़ देंगी”।

भाजपा और वाम दलों ने भी यह आरोप लगाया था कि वह (वाद्रा) आपात स्थिति के दौरान आवश्यकता होने पर निर्वाचन क्षेत्र में मौजूद नहीं रहेंगी। प्रियंका पार्टी के कठिन समय में लोकसभा सदस्य बनी हैं, जिसे हरियाणा और महाराष्ट्र में चुनावी हार से झटका लगा है।

प्रियंका गांधी की जीत पर लगा बधाइयों का तांता

समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने प्रियंका गांधी को वायनाड सीट पर शानदार जीत दर्ज कराने के लिए बधाई दी है। अखिलेश यादव ने एक्स पर लिखा,

“श्रीमती प्रियंका गांधी वाड्रा जी को वायनाड के लोकसभा उपचुनाव में ऐतिहासिक वोटों से जीत पर बधाई और जनपक्ष की सकारात्मक राजनीति के मार्ग को प्रशस्त करने के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ!”

 

Author


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Comment

Discover more from

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading

दीपिका पादुकोण का शाहरुख खान के लिए इमोशनल पोस्ट पहलगाम पर अमिताभ बच्चन ने तोड़ी चुप्पी फैटी लिवर के क्या लक्षण हैं, कैसे होगा ठीक? वैभव सूर्यवंशी के लिए बिहार सरकार का बड़ा ऐलान! IPL इतिहास में सबसे तेज़ शतक लगाने वाले बल्लेबाज़!