प्रियंका गांधी ने देश के किन दो दिग्गज नेताओं को बताया- ‘रोंदू’ और ‘कायर’

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग छिड़ गई है। पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी पर राष्ट्रपति मुर्मू का अपमान करने का आरोप लगाया और अब कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर जोरदार पलटवार किया है।
प्रियंका गांधी ने कहा कि द्रौपदी मुर्मू को चुनावी मुद्दा बनाने का प्रयास महंगाई और बेरोजगारी की समस्याओं से जूझ रहे लोगों का अपमान है। प्रियंका गांधी ने मोदी और आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला करते हुए कहा कि उन्होंने ऐसे ‘रोंदू’ नेता और ‘उनसे बड़े कायर’ नेता नहीं देखे हैं।

पीएम मोदी पर प्रियंका का पलटवार

कांग्रेस महासचिव ने संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति के अभिभाषण के बाद मुर्मू के बारे में सोनिया गांधी की टिप्पणी का मुद्दा उठाने के लिए पीएम मोदी की आलोचना की।

प्रियंका ने कहा-

‘‘उस दिन मोदी जी ने मेरी मां के बारे में कहा कि उन्होंने राष्ट्रपति का अपमान किया है। उन्होंने किस तरह का मुद्दा उठाया? एक बुजुर्ग महिला दूसरी बुजुर्ग महिला के प्रति अपनी सहानुभूति व्यक्त करते हुए कह रही है कि ‘बेचारी राष्ट्रपति जी थक गई होंगी एक घंटे का भाषण उनको पढ़ना पड़ा’।’’

कांग्रेस महासचिव ने कहा, ‘‘उन्होंने इसे चुनावी मुद्दा बनाने का प्रयास किया और कहा कि यह अपमान है। आप देश के लोगों का अपमान कर रहे हैं जो महंगाई और बेरोजगारी से जूझ रहे हैं, उन्हें पेंशन नहीं मिल रही है और सफाई कर्मचारी परेशान हैं और आप ये बेकार की बातें कर रहे हैं।’’

प्रियंका गांधी ने लोगों से नेताओं को वास्तविक मुद्दों पर बात करने के लिए मजबूर करने का आग्रह किया। राष्ट्रपति के अभिभाषण के तुरंत बाद, कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा संसद परिसर में भाषण पर चर्चा करते देखे गए थे।

मुर्मू को लेकर सोनिया ने क्या कहा था?

राष्ट्रपति के अभिभाषण के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो क्लिप वायरल हो गई थी। इस वीडियो में सोनिया गांधी को कथित तौर पर यह कहते हुए सुना गया, ‘‘बेचारी, राष्ट्रपति, अंत तक बहुत थक गई थीं…बेचारी, वह मुश्किल से बोल पा रही थीं।’’

मोदी ने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए उसके ‘शाही परिवार’ पर आदिवासी पृष्ठभूमि से आने वाले राष्ट्रपति मुर्मू का अपमान करने का आरोप लगाया और इसके लिए माफी की मांग की।

राजीव गांधी और नरेंद्र मोदी की तुलना

प्रियंका गांधी ने कहा कि उनके पिता राजीव गांधी लोगों के बीच जाते थे और काम पूरा न होने पर डांट खाते थे। उन्होंने पूछा कि क्या मौजूदा प्रधानमंत्री के साथ ऐसा किया जा सकता है।

वायनाड से लोकसभा सदस्य ने कहा-

‘‘प्रधानमंत्री मोदी को डांटने की कोशिश करो और आपको जेल में डाल दिया जाएगा। मैंने देखा है कि उत्तर प्रदेश में कुछ ‘महिला मित्रों’ को प्रदर्शन के लिए पीटा गया।’’

उन्होंने कहा कि यह आज का समय है और यह देश का स्वभाव नहीं है।

प्रियंका गांधी ने आरएसएस पर कसा तंज

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने कहा, ‘‘हमने आजादी पाने के लिए एकजुट होकर लड़ाई लड़ी। ये कौन से लोग हैं जो मोदी की विचारधारा से जुड़े हैं?’’

प्रियंका गांधी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) पर निशाना साधते हुए कहा कि कोई जेल से खुद को आजाद कराने के लिए पत्र लिख रहा था। वह कह रहा था ‘हमें जेल से बाहर निकालो, हम वही करेंगे जो आप कहेंगे, हम आपके गुलाम हैं।’ कोई व्यक्ति अंग्रेजों की मदद कर रहा था।
प्रियंका गांधी ने कहा-

‘‘उन्होंने आपकी आजादी के लिए लड़ाई नहीं लड़ी और इसलिए वे इस देश की प्रकृति को समझने में असमर्थ हैं।’’

उन्होंने कहा कि जिस दिन देश की जनता जाग जाएगी, ये लोग ज्यादा दिन तक सत्ता में नहीं टिक पाएंगे। उन्होंने कहा-

‘‘हम संविधान के बारे में क्यों बात करते रहते हैं? (क्योंकि) यह आपका सुरक्षा कवच है, इसने आपको समान अधिकार दिए हैं, आपके पास प्रधानमंत्री के समान वोट है, यह आपको आरक्षण देता है, यह आपको ताकत देता है। इसलिए, इस संविधान की रक्षा करें और बदले में, यह आपकी रक्षा करेगा।’’

मोदी-केजरीवाल को बताया ‘रोंदू’ और ‘कायर’

प्रियंका गांधी ने पार्टी उम्मीदवार हाजी मोहम्मद इशराक के लिए बाबरपुर में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी अक्सर नेहरू को दोषी ठहराते हैं जबकि केजरीवाल मोदी को दोषी ठहराते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘मोदी जी कहते हैं कि नेहरू जी की वजह से बहुत सारे काम रुके हुए हैं। जो काम वो नहीं कर पाते हैं, उसका बहाना बनाकर तुरंत नेहरू जी को दोषी ठहरा देते हैं। केजरीवाल कहते हैं कि मोदी जी की वजह से वह काम नहीं कर पा रहे हैं। मैंने ऐसे रोंदू नेता नहीं देखे हैं। उनसे बड़े कायर नहीं देखे हैं।’’

इंदिरा गांधी और मोदी-केजरीवाल की तुलना

प्रियंका गांधी ने अपनी दादी और पूर्व पीएम इंदिरा गांधी का भी जिक्र किया। उन्होंने इंदिरा गांधी और पीएम मोदी की कार्यशैली के फर्क को भी जनता के सामने रखा.

प्रियंका ने कहा, ‘‘इंदिरा गांधी की पोती हूं, मैंने उन्हें पाकिस्तान को दो हिस्सों में तोड़ते देखा है। मुझे उनकी (मोदी और केजरीवाल की) कायरता पर हंसी आती है कि वे इतनी छोटी सी जिम्मेदारी भी नहीं उठा पा रहे हैं कि वे आपके लिए सड़कें और अस्पताल बनवा सकें। नेहरू जी ने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) बनवाए। उन्होंने क्या बनाया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘याद रखें कि जो व्यक्ति काम करता है, वह अपनी तारीफ नहीं करता। मैंने इसे कल संसद में बजट भाषण के दौरान देखा।’’

बजट पर प्रियंका की प्रतिक्रिया

प्रियंका ने कहा, ‘‘उन्होंने कर की दरों में बदलाव किया और मोदी जी बेतहाशा मेज पीट रहे थे। मैं सोच रही था कि ‘आपने काम किया है तो केवल आप ही ताली बजा रहे हैं, कम से कम दूसरों को तो ताली बजाने दें।’’

उन्होंने पूछा, ‘‘पूरे बजट भाषण में महंगाई का कोई जिक्र नहीं हुआ। ऐसा इसलिए है क्योंकि ये लोग आपसे कटे हुए हैं। क्या मोदी कोविड के दौरान तब बाहर आए और लोगों के कल्याण के बारे में पूछा, जब वे सड़कों पर मर रहे थे?’’

प्रियंका ने कहा, ‘‘वह केवल चुनावों में ही नजर आते हैं और जब चुनाव नहीं होते हैं तो वह अमेरिका, चीन, जापान, अफ्रीका और बड़े यूरोपीय देशों में राष्ट्रपतियों और प्रधानमंत्रियों से मिलते, गले मिलते और हाथ मिलाते हुए नजर आते हैं।’’

केजरीवाल पर प्रियंका का जोरदार हमला

प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि मोदी दिल्ली के सीमापुरी, जंगपुरा और ओखला में नजर नहीं आते। उन्होंने कहा कि लोगों ने उनकी आदत बिगाड़ दी है।

केजरीवाल पर निशाना साधते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि उनकी राजनीति इस बात से निकलती है कि ‘‘मैं ईमानदार हूं और हर कोई चोर है।’’ उन्होंने कहा कि जो लोग ऐसा कहते हैं उनसे सावधान रहें।

प्रियंका ने कहा, ‘‘केजरीवाल ईमानदारी के आधार पर आए थे, लेकिन क्या हुआ? शराब घोटाला हुआ।’’

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘मोदी जी कहते थे कि हम ईमानदार हैं और ये कांग्रेस के लोग चोर हैं। पिछले 10 वर्षों में उन्होंने कितनी ईमानदारी दिखाई है। उन्होंने देश के पूरे संसाधन अदाणी-अंबानी को सौंप दिए।’’

शीश महल बनाम राज महल विवाद

प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि केजरीवाल हों या मोदी, वे इन बड़े उद्योगपतियों के गुलाम हैं। मोदी ‘शीश महल’ की बात करते हैं। भाजपा के लिए यह बड़ा मुद्दा बन गया है कि केजरीवाल ने अपने लिए ‘शीश महल’ बनवाया और आप नेताओं का मुद्दा है कि मोदी ने ‘राज महल’ बनवाया।

उन्होंने कहा, ‘‘जब कोविड महामारी चल रही थी तब मोदी जी ने 20,000 करोड़ रुपये की लागत से इस संसद क्षेत्र का सौंदर्यीकरण कराया। हम कह रहे थे कि संसद ठीक है, इंडिया गेट ठीक है, लेकिन उन्होंने फिर भी ऐसा किया। एक तरफ शीश महल है और दूसरी तरफ राज महल है।’’

कांग्रेस नेता ने कहा कि महिला सुरक्षा के मुद्दे पर भाजपा ने शीला दीक्षित का मजाक उड़ाया। ‘‘क्या उनके शासन में महिलाएं सुरक्षित हैं?’’

प्रियंका गांधी ने कहा कि केजरीवाल प्रचार पर 450 करोड़ रुपये खर्च करते हैं और सवाल किया कि यह पैसा किसका है।

उन्होंने कहा, ‘‘यह आपका पैसा है। अगर मोदी प्रचार में करोड़ों रुपये खर्च कर रहे हैं, तो यह किसका पैसा है? वह कहते हैं ‘झोला ले के चला जाऊंगा’… वह समय धीरे-धीरे आ रहा है।’’

प्रियंका ने कहा कि मोदी भारत के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू पर आरोप लगाते रहते हैं, जबकि केजरीवाल मोदी पर आरोप लगाते हैं, लेकिन जिम्मेदारी नहीं लेते।

Author


Discover more from

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Comment

Discover more from

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading

दीपिका पादुकोण का शाहरुख खान के लिए इमोशनल पोस्ट पहलगाम पर अमिताभ बच्चन ने तोड़ी चुप्पी फैटी लिवर के क्या लक्षण हैं, कैसे होगा ठीक? वैभव सूर्यवंशी के लिए बिहार सरकार का बड़ा ऐलान! IPL इतिहास में सबसे तेज़ शतक लगाने वाले बल्लेबाज़!