मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार ने राज्य से नशों और संगठित अपराध के सफाए के लिए ‘आर-पार’ की जंग छेड़ दी है। वर्ष 2025 अपराधियों के लिए ‘हिसाब-किताब’ का साल साबित हुआ है, जिसमें न केवल बड़े गैंगस्टरों का सफाया किया गया, बल्कि नशा तस्करों के वित्तीय साम्राज्य को ध्वस्त करते हुए 2,730 करोड़ रुपये की संपत्तियां भी जब्त कर ली गई हैं।
राजनीतिक दखल खत्म, पुलिस को ‘खुली छूट’
कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने साफ किया कि पुलिस के काम में राजनीतिक दखल को पूरी तरह समाप्त कर दिया गया है। इसी का परिणाम है कि पिछले साढ़े तीन वर्षों में 85,418 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे बिना किसी दबाव के अपराधियों और नशा माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रखें।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा:
“हमने नशा तस्करों के खिलाफ केवल केस दर्ज नहीं किए, बल्कि उनकी अवैध कमाई से खड़ी की गई संपत्तियों को भी ज़ब्त किया है। 2730 करोड़ की ज़ब्ती यह संदेश है कि पंजाब में अपराध की कमाई की कोई जगह नहीं है।”
2025: अपराध और ड्रग्स पर दोहरा प्रहार
1 मार्च 2025 को शुरू की गई ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ मुहिम के तहत पुलिस ने इस साल अभूतपूर्व सफलता हासिल की है।
- रिकॉर्ड गिरफ्तारियां: इस साल अब तक 40,302 तस्कर पकड़े गए और 30,144 एफआईआर दर्ज की गईं।
- गैंगस्टरों का अंत: 1 जनवरी से अब तक 916 गैंगस्टर गिरफ्तार किए गए और मुठभेड़ों में 13 खतरनाक अपराधी ढेर हुए।
- हथियारों की बरामदगी: पुलिस ने 389 मॉड्यूल का पर्दाफाश कर 594 हथियार बरामद किए।
ड्रोन तस्करी और सजा की दर पर बड़ी जीत
पंजाब सरकार ने तकनीक के मोर्चे पर भी तस्करों को मात दी है। सीमा पार से होने वाली ड्रोन तस्करी को रोकने के लिए पुलिस की क्षमताओं में भारी वृद्धि की गई है, जिससे साल 2025 में ड्रोन गतिविधियों पर काफी हद तक लगाम लगी है। इसके अलावा, बेहतर जांच और कानूनी पैरवी के कारण एनडीपीएस (NDPS) मामलों में सजा दिलाने की दर 88 प्रतिशत तक पहुंच गई है, जो राज्य के न्यायिक इतिहास में एक बड़ी उपलब्धि है।
जन-भागीदारी से मजबूत हुआ अभियान
मुख्यमंत्री ने जनता के सहयोग की सराहना करते हुए बताया कि ‘सेफ पंजाब व्हाट्सएप चैटबॉट’ के जरिए लगभग 30,000 सूचनाएं प्राप्त हुईं। इससे स्पष्ट होता है कि अब पंजाब की जनता भी नशा मुक्त राज्य बनाने के सरकार के विजन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।

